लखनऊ की गोमती नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए सफाई की नई योजना तैयार की जा रही है। हाल ही में कराए गए ड्रोन सर्वे में नदी में गिरने वाले 45 नालों की पहचान हुई है। इन नालों के जरिए बड़ी मात्रा में गंदा पानी सीधे गोमती नदी में पहुंच रहा है, जिससे नदी का प्रदूषण बढ़ रहा है।

AdvertisementThe Puranic

सर्वे के अनुसार, 12 नालों से गंदे पानी की टैपिंग पहले ही की जा चुकी है, जबकि पांच नालों में इसकी जरूरत नहीं है। वहीं, बाकी 28 नालों से करीब 260 एमएलडी गंदा पानी नदी में जा रहा है। इसे रोकने के लिए संबंधित नालों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से जोड़ने की योजना बनाई गई है।

प्रस्तावित योजना के तहत बसंतकुंज, वजीरगंज, जियामऊ और नीलमथा में नए एसटीपी बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा मौजूदा भरवारा और दौलतगंज एसटीपी की क्षमता बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। मस्तेमऊ नाले में प्राकृतिक तरीके से पानी साफ करने और पीपराघाट व घैला में छोटे एसटीपी लगाने की योजना भी शामिल है।

गोमती नदी की सफाई से जुड़ी कार्ययोजना राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजी जा चुकी है। अब इस योजना को मंजूरी मिलने और प्रस्तावित परियोजनाओं पर काम शुरू होने का इंतजार है। इन प्रयासों का उद्देश्य नदी में बिना शोधन के पहुंचने वाले गंदे पानी को रोकना और गोमती को प्रदूषण से राहत दिलाना है।