दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और कक्षा 1 में दाखिले की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय के अनुसार, अभिभावक 28 दिसंबर 2026 तक एडमिशन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस बार प्रवेश प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए गए हैं, जिनका सीधा असर बच्चों और अभिभावकों पर पड़ेगा।
नई व्यवस्था के तहत नर्सरी के साथ एलकेजी और यूकेजी को भी अलग-अलग एंट्री-लेवल कक्षाओं में शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य शुरुआती शिक्षा के तीन साल के ढांचे को लागू करना है। उम्र सीमा के अनुसार, 31 मार्च 2027 तक नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र 3 से 4 साल, एलकेजी के लिए 4 से 5 साल और यूकेजी के लिए 5 से 6 साल होनी चाहिए।
एडमिशन प्रक्रिया के तहत स्कूलों को अपने चयन मापदंड और पॉइंट सिस्टम की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। बच्चों को दिए गए अंकों की पहली जानकारी 4 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी। अभिभावक 5 से 11 जनवरी तक किसी तरह की गड़बड़ी को लेकर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
पहली चयन सूची 20 जनवरी और दूसरी सूची 5 फरवरी 2027 को जारी होगी। इसके बाद दाखिले से जुड़ी बाकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दिल्ली के अभिभावकों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले संबंधित स्कूल की वेबसाइट पर जाकर जरूरी दस्तावेज, उम्र सीमा और एडमिशन के नियम जरूर जांच लें।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.