‘पार्टी हो रही है’ वाले वायरल वीडियो से मशहूर हुईं पाकिस्तानी अभिनेत्री दानानीर मोबीन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित दूसरे ओपन यूरेशियन फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्ट्रेस का डायमंड बटरफ्लाई अवॉर्ड मिला है। दानानीर को यह सम्मान उनकी फिल्म ‘मेरा लियारी’ में शानदार अभिनय के लिए दिया गया है। इस उपलब्धि के बाद अभिनेत्री के फैंस के बीच खुशी का माहौल है।

AdvertisementThe Puranic

फिल्म ‘मेरा लियारी’ में दानानीर मोबीन ने अफसाना नाम की लड़की का किरदार निभाया है, जो कराची के लियारी इलाके में रहती है और फुटबॉल खेलने का सपना देखती है। समाज की बंदिशों और परिवार के विरोध के बावजूद वह अपने सपने को पूरा करने के लिए संघर्ष करती है। फिल्म में महिलाओं के संघर्ष, आत्मविश्वास और अपने सपनों को हासिल करने की कोशिश को दिखाया गया है।

दानानीर को मिले इस अवॉर्ड की सबसे खास बात इसका इनाम है। डायमंड बटरफ्लाई अवॉर्ड के विजेताओं को 5,000 लैब में तैयार किए गए हीरों से सजी ट्रॉफी दी जाती है। इसके अलावा बेस्ट एक्ट्रेस सहित अन्य श्रेणियों के विजेताओं को रूस के साखा क्षेत्र की खदानों से निकला 5 कैरेट का असली हीरा भी दिया जाता है। आयोजकों और रूसी दूतावास के मुताबिक, इस हीरे की कीमत करीब 2.5 लाख डॉलर बताई गई है।

दानानीर मोबीन की इस सफलता ने पाकिस्तानी सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को फैंस और फिल्म जगत से जुड़े लोगों की ओर से बधाइयां मिल रही हैं। वायरल वीडियो से पहचान बनाने के बाद अभिनय की दुनिया में उनकी यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।