बांग्लादेश की राजधानी ढाका में टेकपारा और उत्तरा की गरीब बस्तियों को दिल्ली बताकर वीडियो बनाने वाले चीनी व्लॉगर्स पर सख्ती के बाद उनकी गतिविधियां कम हो गई हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 7 नवंबर से ये व्लॉगर इलाके में दिखाई नहीं दे रहे हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने मामले पर निगरानी बढ़ाई है।

AdvertisementThe Puranic

बांग्लादेशी मीडिया की जांच में सामने आया था कि चीनी नागरिक कई महीनों से ढाका के उत्तरा सेक्टर-12 और टेकपारा की संकरी गलियों में वीडियो बना रहे थे। इन वीडियो को चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारित किया जाता था। कुछ प्रसारणों में ढाका के इलाकों को नई दिल्ली बताकर पेश किया गया और वहां के घरों, साफ-सफाई तथा रहन-सहन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

एक चीनी महिला मियानमियान ने उत्तरा के इलाके को नई दिल्ली बताते हुए वहां की परिस्थितियों को पिछड़ा और गंदा कहा था। वहीं, टेकपारा में चाय की दुकानों पर वीडियो बनाने वाले एक चीनी नागरिक ने स्थानीय चाय को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी।

इस मामले पर भारत के विदेश मंत्रालय ने भी चिंता जताई थी। 10 नवंबर को मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गलत तस्वीर पेश करने वाले ऐसे प्रयासों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और संबंधित अधिकारियों से सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।

उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर के मुताबिक, पुलिस को चीनी नागरिकों की वीडियो बनाने की गतिविधियों की जानकारी थी और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया था। हालांकि, इन प्रसारणों के पीछे वास्तविक उद्देश्य और किसी संगठित अभियान की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।