रॉयल एनफील्ड के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड फ्लाइंग फ्ली ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल C6 के साथ यूरोप और ब्रिटेन के बाजार में एंट्री कर ली है। बाइक को शुरुआत में पेरिस, बार्सिलोना, रोम, बर्लिन और लंदन में लॉन्च किया गया है। यूरोप में इसकी बुकिंग कीमत €5,990 यानी करीब 6.58 लाख रुपये और ब्रिटेन में £5,300 यानी करीब 6.79 लाख रुपये रखी गई है। डिलीवरी अक्टूबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।
फ्लाइंग फ्ली C6 को इसी साल बेंगलुरु में लॉन्च किया गया था। कंपनी के मुताबिक, भारत में शुरुआती ग्राहकों ने तीन महीनों में इस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल से सामूहिक रूप से 1 लाख किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय की है।
C6 का डिजाइन 1940 के दशक की मूल फ्लाइंग फ्ली मोटरसाइकिल से प्रेरित है। इसमें हल्का एल्युमीनियम फ्रेम, फोर्ज्ड-एल्युमीनियम गर्डर फ्रंट फोर्क और गोल TFT डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिलते हैं। बाइक तीन रंगों—फ्ली ग्रीन, स्टॉर्म ब्लैक और पैराशूट व्हाइट—में उपलब्ध होगी।
मोटरसाइकिल में 3.91kWh लिथियम-आयन बैटरी दी गई है। इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 15.4kW की अधिकतम पावर और 60Nm टॉर्क देती है। कंपनी के अनुसार, C6 की टॉप स्पीड 115 किमी प्रति घंटा और WMTC प्रमाणित रेंज 104 किमी है।
C6 में लीन-एंगल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, नेविगेशन, रिमोट मॉनिटरिंग और OTA अपडेट जैसे फीचर्स भी हैं। कंपनी यूरोप में चरणबद्ध तरीके से बिक्री, सर्विस और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करेगी।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.