उत्तर प्रदेश के बरेली में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने एक डॉक्टर को आतंकवाद से जुड़े मामले में फंसाने की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की। आरोपियों ने खुद को ATS और NIA का अधिकारी बताया और डॉक्टर पर 2.5 करोड़ रुपये के टेरर लिंक से जुड़े होने का आरोप लगाया। इस दौरान ठगों ने रातभर वीडियो कॉल के जरिए डॉक्टर पर नजर रखी।

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, साइबर ठगों ने डॉक्टर को फोन कर बताया कि उनके खिलाफ गंभीर जांच चल रही है। आरोपियों ने गिरफ्तारी का डर दिखाकर उन्हें किसी से संपर्क नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए लगातार निगरानी शुरू कर दी गई। ठगों का मकसद डॉक्टर को मानसिक दबाव में लेकर उनकी जमा पूंजी हड़पना था।

अगली सुबह आरोपियों ने डॉक्टर से RTGS फॉर्म मांगा, ताकि उनके खाते से बड़ी रकम ट्रांसफर कराई जा सके। इसी दौरान डॉक्टर को पूरे मामले पर शक हुआ। उन्होंने आरोपियों की बातों में आने के बजाय सावधानी दिखाई और ठगी की कोशिश को नाकाम कर दिया।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी में अपराधी पुलिस, CBI, ED या अन्य जांच एजेंसियों के अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं। वे फर्जी गिरफ्तारी और जांच का हवाला देकर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं।

ध्यान रखें कि कोई भी सरकारी जांच एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही जांच के नाम पर निजी खाते में पैसे जमा कराने को कहती। ऐसी कॉल आने पर तुरंत कॉल काटें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।