असम के गुवाहाटी की 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा हिमाश्री बोरो का शव आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक के पास मिला है। वह आंध्र प्रदेश में डांस कंपटीशन में हिस्सा लेने के बाद ट्रेन से गुवाहाटी लौट रही थी। इसी दौरान वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। परिवार ने उसकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है।

AdvertisementThe Puranic


हिमाश्री बी बरुआ कॉलेज, गुवाहाटी की छात्रा थी। परिवार के मुताबिक, वह 6 अक्टूबर की रात विशाखापट्टनम से डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस में सवार हुई थी। ट्रेन के S-2 कोच में उसका सामान मिला, लेकिन वह ट्रेन से गायब थी। इसके बाद परिवार ने गुवाहाटी GRP और रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई।


परिवार का कहना है कि ट्रेन में सफर के दौरान हिमाश्री ने फोन पर बताया था कि उसके आसपास कई पुरुष हैं और वह डर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने अपनी एक दोस्त से भी बात की थी और ट्रेन के अंदर का वीडियो शेयर किया था। CCTV में उसे ट्रेन में चढ़ते हुए भी देखा गया था।


तलाशी के दौरान आंध्र प्रदेश के मलयपुरम इलाके के पास एक जंगली क्षेत्र में उसका शव मिला। पुलिस फिलहाल मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। मामले में पुलिस यात्रियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।