उत्तर प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वहीं रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी इन नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एक प्रदेश अध्यक्ष के साथ तीन कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। संभावित व्यवस्था में अलग-अलग सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, कार्यकारी अध्यक्षों के लिए मुस्लिम, दलित और OBC समुदाय से चेहरे शामिल किए जाने की चर्चा है।
इमरान मसूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं और सहारनपुर से लोकसभा सांसद हैं। जुलाई में ‘पंचायत आजतक उत्तर प्रदेश’ कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें पार्टी का मजबूत नेता बताया था और कहा था कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।
यह संगठनात्मक बदलाव 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संभावित पुनर्गठन से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस ने जून में राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया था। उस समय भी पार्टी संगठन में बदलाव और नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं सामने आई थीं।
फिलहाल इमरान मसूद की नियुक्ति को लेकर अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। कांग्रेस की आधिकारिक घोषणा के बाद ही नई प्रदेश टीम की तस्वीर स्पष्ट होगी।


