कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम से एक डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य देशभर में चल रहे अलग-अलग आंदोलनों और लोगों की समस्याओं की जानकारी को एक जगह जुटाना और उन्हें आपस में जोड़ना है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों से अपनी समस्याओं और संघर्ष की कहानियां ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म पर साझा करने की अपील की। उनके मुताबिक, प्रदर्शनकारी अपने मुद्दे, संगठन और आंदोलन से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद इन आंदोलनों को एक इंटरैक्टिव मैप पर देखा जा सकेगा और समान मुद्दों पर संघर्ष कर रहे दूसरे समूहों की जानकारी भी मिल सकेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्र, किसान, महिलाएं, आदिवासी और अन्य समूह विभिन्न मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद इन आवाजों को एक मंच पर लाना है।
पोर्टल लॉन्च करते हुए राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह के विचार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहा है, तो वह अपनी कहानी इस प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकता है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह संसद, सड़कों और पत्रों के जरिए इन मुद्दों के समर्थन में अपनी भूमिका निभाएंगे। यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब विपक्ष की ओर से विभिन्न मुद्दों को लेकर देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।


