बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को बैरिया प्रखंड में पुजहा-पटजिरवा-बेतिया मुख्य मार्ग पर छोटलाल चौक के पास बाढ़ के तेज बहाव में आरसीसी पुल बह गया। पुल टूटने के साथ सड़क का करीब 20 फीट हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, योगापट्टी के गोलाघाट में चंपारण तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। पानी के दबाव के कारण तिरहुत नहर की उप वितरणी का तटबंध भी टूट गया। इसके बाद पानी सड़क की ओर फैल गया और पुल के आसपास तेज बहाव की स्थिति बन गई।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षतिग्रस्त मार्ग पर आवाजाही रोक दी है। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने पुल, सड़क और नहर के तटबंध को हुए नुकसान की पुष्टि की है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और क्षतिग्रस्त हिस्से के पास नहीं जाने की अपील की गई है।
बाढ़ से प्रभावित इलाके में राहत और बचाव कार्य भी शुरू कर दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है, जबकि जल संसाधन विभाग के अभियंता क्षतिग्रस्त पुल, सड़क और नहर की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


