केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 से 5 अक्टूबर तक चार राज्यों के दौरे पर रहेंगे। उनका दौरा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से शुरू होगा और इसके बाद वह तेलंगाना, मेघालय और मिजोरम जाएंगे। इस दौरान शाह कई सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
3 अक्टूबर को अमित शाह भोपाल पहुंचेंगे। यहां वह दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे और न्याय संहिता पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद गृह मंत्रालय से जुड़ी बैठक और नारकोटिक्स से संबंधित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शाम को IISER भोपाल-अत्रि परिसर का शिलान्यास करेंगे और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
4 अक्टूबर को शाह तेलंगाना जाएंगे। वह मेडिक जिले के तूप्रान में डेयरी उत्पादन से जुड़े प्लांट का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद करीमनगर में प्रथिमा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सिल्वर जुबली कार्यक्रम में शामिल होंगे और प्रस्तावित डीम्ड यूनिवर्सिटी भवन की आधारशिला रखेंगे।
इसके बाद शाह मेघालय पहुंचेंगे। 5 अक्टूबर को शिलॉन्ग में वह मेघालय पुलिस को राष्ट्रपति का Police Colour प्रदान करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दिन वह मिजोरम भी जाएंगे, जहां आइजोल में यूथ रिक्रिएशन सेंटर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।


