बिहार के लखीसराय में उत्पाद थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डाक पार्सल वैन से 241 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर विद्यापीठ चौक के पास की गई।
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि डाक पार्सल वैन के जरिए शराब की बड़ी खेप लखीसराय के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें शराब के 241 कार्टन मिले। पुलिस ने वैन के चालक नीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वह पटना जिले के दुल्हिन बाजार का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप सीतामढ़ी ले जाई जा रही थी, जहां इसकी डिलीवरी होनी थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था।
उत्पाद विभाग इस मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रहा है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या शराब की इस खेप को दुर्गा पूजा के दौरान खपाने की तैयारी थी। फिलहाल शराब जब्त कर ली गई है और गिरफ्तार चालक से पूछताछ जारी है।


