Apple ने जैक डोर्सी से जुड़े ऑफलाइन मैसेजिंग ऐप Bitchat को भारत के App Store से हटा दिया है। यह कार्रवाई इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) की मांग के बाद की गई। जैक डोर्सी ने शनिवार को X पर Apple की ओर से भेजे गए नोटिस का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए इसकी जानकारी दी।
Apple के नोटिस के मुताबिक, MeitY ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत ऐप को हटाने की मांग की थी। नोटिस में कहा गया कि ऐप में ऐसा कंटेंट शामिल है, जिसे भारत में गैरकानूनी माना गया है और इसी वजह से यह Apple की App Review Guidelines के अनुरूप नहीं है। हालांकि, Apple ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कौन-सा कंटेंट गैरकानूनी माना गया है या धारा 69A के तहत किस आधार पर कार्रवाई की गई।
भारत में Bitchat का TestFlight वर्जन भी उपलब्ध नहीं रहेगा। वहीं, दूसरे देशों के App Store में यह ऐप उपलब्ध रहेगा।
Bitchat एक डीसेंट्रलाइज्ड मैसेजिंग ऐप है, जो Bluetooth Low Energy (BLE) आधारित मेश नेटवर्क के जरिए इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क के बिना नजदीकी डिवाइसों के बीच संदेश भेज सकता है। जुलाई में भी भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने GitHub से Bitchat से जुड़े रिपॉजिटरी हटाने को कहा था। उस समय ऐप के इंटरनेट शटडाउन के दौरान काम करने और संचार को ट्रेस करना मुश्किल होने को लेकर चिंताएं जताई गई थीं।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.