WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए गृह मंत्रालय ने साइबर सुरक्षा को लेकर चेतावनी जारी की है। मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने बताया है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉगिन सेशन खुला छोड़ना निजी चैट और अकाउंट की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
दरअसल, अगर कोई व्यक्ति आपके एक्टिव WhatsApp Web सेशन तक पहुंच बना लेता है, तो वह आपकी निजी बातचीत पढ़ सकता है। इसके अलावा आपके अकाउंट से दूसरे लोगों को मैसेज भेजने और ग्रुप चैट तक पहुंचने का भी खतरा रहता है।
सबसे बड़ी गलती यह है कि कई लोग WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ ब्राउजर का टैब या विंडो बंद कर देते हैं। उन्हें लगता है कि इससे अकाउंट लॉगआउट हो गया, जबकि ऐसा नहीं होता। आपका लॉगिन सेशन एक्टिव रह सकता है और कोई दूसरा व्यक्ति उसी कंप्यूटर से आपकी चैट देख सकता है।
इससे बचने के लिए सरकार ने सलाह दी है कि सार्वजनिक कंप्यूटर, साइबर कैफे और ऑफिस के साझा सिस्टम पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचें। अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल करें और काम खत्म होने के बाद मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें।
अपने अकाउंट की सुरक्षा जांचने के लिए फोन में WhatsApp खोलें और Linked Devices विकल्प पर जाएं। यहां आपको उन सभी डिवाइस की जानकारी मिलेगी, जिन पर आपका अकाउंट लॉगिन है। अगर कोई अनजान डिवाइस दिखाई दे, तो उसे तुरंत लॉगआउट कर दें। थोड़ी सी सावधानी आपकी निजी चैट और जानकारी को सुरक्षित रख सकती है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.