भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने अनोखे टैलेंट और ड्रेसिंग रूम की मस्ती से जुड़ा दिलचस्प खुलासा किया है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अभिनव मुकुंद के साथ बातचीत में विराट ने बताया कि उन्हें लोगों की मिमिक्री करने का खास शौक है। उन्होंने कहा कि अगर वह किसी व्यक्ति के साथ सिर्फ आधा घंटा बिता लें, तो उसकी बोलने की शैली और हावभाव की हूबहू नकल कर सकते हैं।
विराट ने खुलासा किया कि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन अक्सर उनकी मिमिक्री का निशाना बनते हैं। इससे पहले वह कपिल शर्मा के शो में तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की नकल करके दर्शकों को खूब हंसा चुके हैं।
कोहली ने ड्रेसिंग रूम के माहौल पर भी बात की। उन्होंने बताया कि टीम में आने वाले युवा खिलाड़ी शुरुआत में थोड़ा झिझकते हैं। ऐसे में सीनियर खिलाड़ियों की जिम्मेदारी होती है कि वे मजाक-मस्ती के जरिए उन्हें सहज महसूस कराएं।
हालांकि, विराट ने स्पष्ट किया कि मैदान के बाहर मस्ती करने का मतलब खेल के प्रति गंभीरता कम होना नहीं है। मैच के दौरान सभी खिलाड़ियों का ध्यान पूरी तरह अपने प्रदर्शन पर रहता है।
विराट का यह मजेदार अंदाज एक बार फिर चर्चा में है। उनका वायरल वीडियो प्रशंसकों को मैदान के बाहर उनकी अलग शख्सियत से रूबरू करा रहा है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.