साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ राजनीति को लेकर भी चर्चा में हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के साथ उनकी संभावित राजनीतिक एंट्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, तृषा ने अभी तक राजनीति में आने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
दरअसल, 23 नवंबर को तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में तृषा के समर्थकों ने उनके नाम से एक नया राजनीतिक संगठन शुरू किया है। इसका नाम 'इलैया पुरात्ची थलाइवी तृषा पेरवई' रखा गया है। संगठन के नाम में तृषा को युवा क्रांतिकारी नेता बताया गया है।
इस पहल के बाद उनकी तुलना तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता से भी होने लगी है। जयललिता को 'पुरात्ची थलाइवी' के नाम से जाना जाता था। तृषा के समर्थक उन्हें भी इसी तरह राजनीति में सक्रिय देखना चाहते हैं। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि वे तृषा के नेतृत्व में सामाजिक और जनकल्याण से जुड़े काम करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि अभिनेता से नेता बने विजय की राजनीति में सक्रियता के बीच तृषा को लेकर ऐसी चर्चाएं सामने आई हैं। हालांकि, समर्थकों की ओर से संगठन बनाए जाने को तृषा की राजनीतिक एंट्री नहीं माना जा सकता। फिलहाल अभिनेत्री की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.