गुजरात के सूरत स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में जूनियर मेडिकल छात्र हर्ष पंड्या की मौत के मामले में पुलिस ने तीसरे रेजिडेंट डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनुज माहेश्वरी को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले दो अन्य आरोपी डॉक्टर दीक्षित गेवड़िया और हीना भूत को गिरफ्तार किया गया था। मामले में अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि चौथी आरोपी निराली वसावे की तलाश जारी है।

AdvertisementThe Puranic

हर्ष पंड्या सरकारी मेडिकल कॉलेज, सूरत में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रथम वर्ष के पोस्टग्रेजुएट छात्र थे। 9 अगस्त 2026 को वह अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए थे। उनकी मौत के बाद कॉलेज में कथित रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना के आरोप सामने आए। पुलिस ने एंटी-रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर चार सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

शिकायत के अनुसार, हर्ष समेत माइक्रोबायोलॉजी विभाग के 10 जूनियर छात्रों को कथित तौर पर तीन से चार महीने तक अपमान और मौखिक दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। आरोप है कि 5 अगस्त को सीनियर छात्रों ने जूनियरों को विभाग की सीरोलॉजी लैब में बुलाया और करीब दो घंटे तक वहां रोके रखा। इस दौरान उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने और अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने, गलत तरीके से रोकने और अपमान से संबंधित धाराओं के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून के तहत भी कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।

एंटी-रैगिंग कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में शारीरिक प्रताड़ना के सबूत नहीं मिलने की बात कही थी। हर्ष की मौत और कथित रैगिंग के बीच संबंध की जांच पुलिस कर रही है।