लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे हुई बैठक में उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव, गठबंधन में लोकदल की भूमिका और सीट बंटवारे जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

AdvertisementThe Puranic


सुनील सिंह ने मुलाकात के बाद बताया कि लोकदल ने उत्तर प्रदेश में गठबंधन के तहत 35 विधानसभा सीटों की मांग रखी है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर मिल-बैठकर बातचीत करने की बात कही है। लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।


बैठक में पंचायतों को अधिक अधिकार देने, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों, रोजगार, महंगाई और आम लोगों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। लोकदल ने गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी और अपनी राजनीतिक पहचान से जुड़े मुद्दे सामने रखे।


यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अलग-अलग दलों के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है। सुनील सिंह इससे पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर चुके हैं। उस बैठक में भी सीट बंटवारे और चुनावी मुद्दों पर चर्चा हुई थी।


लोकदल और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) अलग-अलग राजनीतिक दल हैं। RLD के अध्यक्ष जयंत चौधरी हैं, जबकि लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह हैं।