उत्तर प्रदेश के संभल में विजयदशमी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर पथ संचलन निकाला गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में संघ के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह संचलन शहर के मुख्य बाजारों और डाकखाना रोड से होते हुए जामा मस्जिद के पास से गुजरा।
पथ संचलन की शुरुआत सूर्य कुंड मंदिर के सामने स्थित भगत सिंह पार्क से हुई। गणवेश पहने स्वयंसेवक निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़े। डाकखाना रोड पहुंचने के बाद संचलन जामा मस्जिद के पास से गुजरा। यह रास्ता मस्जिद के मुख्य द्वार से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है।
आयोजन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों की पुलिस के साथ प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) और रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स के जवान तैनात किए गए थे। जामा मस्जिद की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग भी की गई थी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
पथ संचलन में शामिल RSS कार्यकर्ताओं ने बताया कि विजयदशमी और संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
निर्धारित मार्ग से गुजरने के बाद पथ संचलन RSS कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहे।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.