रिपोर्ट के मुताबिक, रामलीला का आयोजन नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में 19 और 20 अक्टूबर को होगा। रवि किशन ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा कि उन्हें पहली बार श्रीराम का रूप धारण करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान उन्हें इस भूमिका को गरिमा और शालीनता के साथ निभाने की शक्ति दें।
रवि किशन इससे पहले परशुराम और केवट जैसे किरदार निभा चुके हैं। बचपन में उन्होंने माता सीता की भूमिका भी निभाई थी और एक टीवी सीरियल में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार भी किया था। हालांकि, उनके मुताबिक श्रीराम की भूमिका इन सभी किरदारों से अलग है।
अभिनेता ने बताया कि मंच पर जाने वाले कलाकार के अंदर थोड़ा डर होना जरूरी है, क्योंकि इससे वह अपने काम को लेकर सतर्क रहता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम के किरदार में अपनी ओर से कुछ जोड़ने या बदलने की गुंजाइश नहीं होती। इसलिए वह इस भूमिका के लिए विशेष तैयारी कर रहे हैं।
वह अपनी मूंछें भी हटाएंगे, ताकि किरदार के अनुरूप दिखाई दे सकें।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.