पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए छह राज्यसभा सांसदों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं।

AdvertisementThe Puranic

बीजेपी ने इन सांसदों को पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अपनी पसंद के क्षेत्र चुनने को कहा है। इन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों पर उन्हें चुनावी रणनीति और प्रबंधन का काम संभालना होगा। उनकी जिम्मेदारियों में बूथ मैनेजमेंट, चुनाव प्रचार, सोशल मीडिया कैंपेन और प्रचार सामग्री तैयार करना शामिल है।

राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को चुनाव प्रचार के साथ पार्टी के घोषणापत्र से जुड़े काम की जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं, राजिंदर गुप्ता को भी घोषणापत्र समिति में शामिल किया गया है। दूसरी ओर, संदीप पाठक, अशोक मित्तल और विक्रमजीत साहनी को चार्जशीट समिति में जगह मिली है। यह समिति पंजाब की AAP सरकार के खिलाफ चुनावी मुद्दे तैयार करने का काम करेगी।

इसके अलावा संदीप पाठक को दूसरी पार्टियों के नेताओं को बीजेपी में शामिल कराने, संभावित उम्मीदवारों की तलाश और सर्वे से जुड़े काम भी सौंपे गए हैं। इन नियुक्तियों के जरिए बीजेपी पंजाब में अपना संगठन मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने में जुटी है।