अभिनेता प्रकाश राज ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय की सरकार के प्रदर्शन पर जल्दबाजी में निष्कर्ष नहीं निकालने की अपील की है। त्रिची में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि नई सरकार को काम करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार के प्रदर्शन का आकलन करने से पहले कम से कम एक साल इंतजार करने की बात कही।
प्रकाश राज ने कहा कि चुनाव से पहले उन्हें विजय को लेकर कई शंकाएं थीं और उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी चिंताएं भी जाहिर की थीं। हालांकि, अब विजय सरकार बना चुके हैं और उन्हें शासन चलाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल सरकार को सत्ता में आए करीब 120 दिन ही हुए हैं और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने सरकार के कामकाज पर विस्तार से प्रतिक्रिया देने से पहले पहले बजट का इंतजार करने की बात भी कही।
प्रकाश राज ने विजय की हालिया इंग्लैंड यात्रा और अभिनेता अजित कुमार से उनकी मुलाकात पर हुई राजनीतिक चर्चा पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विजय का अपने दोस्त अजित से मिलना कोई समस्या नहीं है। उनके मुताबिक, चर्चा का केंद्र यह होना चाहिए कि यात्रा के दौरान सरकार ने जिन निवेश और अन्य उद्देश्यों की बात की थी, वे कितने पूरे हुए।
विजय की अजित से मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। दोनों कलाकारों ने सिल्वरस्टोन में मोटरस्पोर्ट्स कार्यक्रम के दौरान मुलाकात की थी। विजय की ब्रिटेन यात्रा को लेकर विपक्ष ने यात्रा के उद्देश्य और खर्च समेत कई मुद्दों पर सवाल उठाए थे।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.