नेपाल के डोल्पा जिले में भारी बर्फबारी के कारण छह भारतीय पर्यटक फंस गए हैं। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी पर्यटक प्रसिद्ध शे-फोक्सुंडो झील घूमने गए थे। वापसी के दौरान पहाड़ी रास्तों पर भारी बर्फ जमने और मौसम खराब होने के कारण वे रास्ते में फंस गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद मांगी गई है।

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, छह भारतीय पर्यटक डोल्पा जिले के शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 के डानिगढ़ इलाके में फंसे हैं। वे धो क्षेत्र से फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नुमला पास और बगला पास के आसपास भारी बर्फबारी शुरू हो गई। रास्तों पर बर्फ जमा होने के कारण उनकी आगे की यात्रा मुश्किल हो गई। स्थानीय लोगों और गाइड ने भी उन्हें खराब मौसम को देखते हुए आगे नहीं बढ़ने की सलाह दी थी।

डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनु हमाल के मुताबिक, प्रशासन को 31 अक्टूबर की शाम पर्यटकों के फंसने की सूचना मिली थी। इलाके में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण उनसे संपर्क करने में परेशानी आ रही है। इसके बाद नेपाली सेना की एक टीम को उनकी तलाश और बचाव के लिए लगाया गया।

वहीं, पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरी ने बताया कि पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। हालांकि, नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने की वजह से बचाव अभियान में देरी हुई। प्रशासन दूसरे हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहा है।

डोल्पा का यह इलाका ऊंचाई पर स्थित है और यहां मौसम तेजी से बदलता है। भारी बर्फबारी के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता छहों भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालना है।