सऊदी अरब में उड़ानें रद्द होने के कारण 34 कश्मीरी उमरा यात्री मुश्किल में फंस गए हैं। भारत लौटने वाली फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों के सामने घर वापसी की समस्या खड़ी हो गई है। यात्रियों ने केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि लंबे समय तक वहां रुकने के कारण उनके पास उपलब्ध पैसे भी खत्म हो रहे हैं।
उमरा करने के लिए सऊदी अरब गए इन यात्रियों की परेशानी ऐसे समय बढ़ी है, जब क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं। भारत और सऊदी अरब के बीच उड़ान सेवाएं प्रभावित होने से कई भारतीय यात्री भी वहां फंसे हुए हैं।
इस बीच भारत सरकार ने सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमरा यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास तेज किए हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास एयरलाइंस तथा ट्रैवल ऑपरेटरों के संपर्क में हैं। मंत्रालय ने बताया कि पिछले सप्ताह उपलब्ध उड़ानों के जरिए करीब 3,000 फंसे हुए उमरा यात्री भारत लौट चुके हैं। बाकी यात्रियों की वापसी के लिए भी व्यवस्था की जा रही है।
सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास में 24 घंटे चलने वाले कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं। यात्रियों को उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
अब 34 कश्मीरी यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए केंद्र सरकार की मदद का इंतजार है। उड़ानों में व्यवधान के कारण उनकी वापसी कब तक हो पाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.