भारत में बीमा खरीदना जल्द सस्ता और अधिक पारदर्शी हो सकता है। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने बीमा कंपनियों, बैंकों और एजेंटों के लिए नए नियम प्रस्तावित किए हैं। इनका उद्देश्य बिक्री लागत घटाना, गलत तरीके से पॉलिसी बेचने पर रोक लगाना और ग्राहकों को बेहतर विकल्प देना है।
पहला बड़ा बदलाव बीमा एजेंटों और ब्रोकरों के कमीशन से जुड़ा है। प्रस्ताव के अनुसार, अलग-अलग पॉलिसियों पर कमीशन की सीमा तय की जाएगी। इससे कंपनियों का खर्च घट सकता है, हालांकि प्रीमियम सस्ता होना सुनिश्चित नहीं है।
दूसरे बदलाव के तहत बैंक ग्राहकों पर लोन के साथ किसी खास कंपनी का बीमा खरीदने का दबाव नहीं डाल सकेंगे। ग्राहक अपनी पसंद की बीमा कंपनी चुन सकेंगे।
तीसरा प्रस्ताव बीमा बेचने वाले बैंक और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के कर्मचारियों को बिक्री आधारित प्रोत्साहन देने पर प्रतिबंध लगाने से संबंधित है। इससे अनावश्यक पॉलिसियां बेचने की प्रवृत्ति कम करने में मदद मिल सकती है।
चौथा बदलाव छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों से जुड़ा है। इन क्षेत्रों में बीमा की पहुंच बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कमीशन देने का प्रस्ताव है। हालांकि, कम कीमत वाली पॉलिसियों पर कमीशन घटने से उनकी बिक्री प्रभावित होने की आशंका है।
पांचवां महत्वपूर्ण पहलू ग्राहकों को मिलने वाली सेवाओं का है। विशेषज्ञों का मानना है कि कमीशन घटने से पॉलिसी रिन्यू कराने और क्लेम के दौरान मिलने वाली सहायता प्रभावित हो सकती है। फिलहाल ये बदलाव प्रस्तावित हैं। अंतिम नियम हितधारकों की प्रतिक्रिया के बाद तय होंगे।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.