भारत की पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन परियोजना ने एक और अहम पड़ाव पार कर लिया है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत अहमदाबाद में साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा हो गया है। यह पुल करीब 36 मीटर यानी 118 फीट ऊंचा है, जो लगभग 12 मंजिला इमारत के बराबर है।
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के मुताबिक, यह पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच बनाया गया है। यह साबरमती स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से लगभग 4 किलोमीटर दूर है। पुल के पास पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन भी है, जो जमीन से करीब 14.8 मीटर ऊपर है।
इस पुल को 8 गोलाकार खंभों पर बनाया गया है। इनमें से चार खंभे नदी के तल में, दो नदी के किनारों पर और दो किनारों के बाहर स्थित हैं। नदी में खंभों की संख्या कम रखने के लिए पुल में 50 से 76 मीटर तक लंबे स्पैन बनाए गए हैं। इसका निर्माण बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक से किया गया है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर करीब 508 किलोमीटर लंबा है। परियोजना में गुजरात के 21 नदी पुलों में से 18 का निर्माण पूरा हो चुका है। यह पुल परियोजना के अहम निर्माण कार्यों में से एक है और इसके पूरा होने से बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के निर्माण को गति मिलेगी।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.