चीन की दिग्गज टेक कंपनी Huawei को अमेरिका में बड़ा कानूनी झटका लगा है। ब्रुकलिन की संघीय अदालत में जूरी ने कंपनी और उसकी तीन सहयोगी कंपनियों को 12 में से 10 आपराधिक मामलों में दोषी ठहराया है। यह मामला अमेरिकी कंपनियों के ट्रेड सीक्रेट चुराने, बैंक धोखाधड़ी और ईरान के साथ कारोबार में अमेरिकी प्रतिबंधों के उल्लंघन से जुड़ा है।

AdvertisementThe Puranic

अमेरिकी अभियोजन पक्ष के मुताबिक, Huawei ने कई अमेरिकी कंपनियों की गोपनीय तकनीक और कारोबारी जानकारी हासिल करने की कोशिश की थी। इसमें Cisco के राउटर का सोर्स कोड, Quintel की एंटीना तकनीक और T-Mobile की टचस्क्रीन टेस्टिंग तकनीक शामिल थी। आरोप था कि कंपनी के कर्मचारियों ने गोपनीय समझौतों का उल्लंघन कर इन तकनीकों से जुड़ी जानकारी जुटाई।

इस मामले में Huawei पर ईरान के साथ कारोबार को लेकर अंतरराष्ट्रीय बैंकों को गलत जानकारी देने का आरोप भी लगा। अमेरिकी अधिकारियों का कहना था कि कंपनी ने Skycom नाम की इकाई के जरिए ईरान में अपना कारोबार जारी रखा और बैंकों से इस संबंध में पूरी जानकारी छिपाई। इस मामले में बैंक फ्रॉड, वायर फ्रॉड और अमेरिकी प्रतिबंधों के उल्लंघन से जुड़े आरोप शामिल थे।

हालांकि, जूरी ने Huawei को रैकेटियरिंग की साजिश और न्याय में बाधा डालने की साजिश के आरोपों से बरी कर दिया। कंपनी ने फैसले पर निराशा जताते हुए कहा है कि वह इसके खिलाफ अपील करेगी। Huawei का कहना है कि जिन ट्रेड सीक्रेट विवादों का जिक्र किया गया है, वे पहले से ही कानूनी प्रक्रिया के तहत निपटाए जा चुके मामले हैं।

अब अमेरिकी अदालत में 14 सितंबर 2027 को कंपनी की सजा तय की जाएगी। Huawei पर आर्थिक जुर्माना और अन्य वित्तीय दंड लगाया जा सकता है। इस फैसले का असर कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार और अमेरिकी बाजार से जुड़े भविष्य के संबंधों पर भी पड़ सकता है।