हसन महमूद ने अफगानिस्तान की पहली पारी के 83वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर यह कारनामा किया। उन्होंने पहले इस्मत आलम को बोल्ड किया। इसके बाद कैस अहमद को विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच आउट कराया। तीसरे विकेट के लिए हसन ने जिया-उर-रहमान के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की। मैदानी अंपायर ने शुरुआत में इसे खारिज कर दिया, लेकिन बांग्लादेश ने रिव्यू लिया। रीप्ले में गेंद ऑफ स्टंप पर लगती दिखाई दी, जिसके बाद फैसला बदल दिया गया और हसन की हैट्रिक पूरी हुई।

AdvertisementThe Puranic


इस उपलब्धि के साथ हसन महमूद टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले अलोक कपाली ने 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ और सोहाग गाजी ने 2013 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। हालांकि, दोनों स्पिन गेंदबाज थे, जबकि हसन देश के पहले तेज गेंदबाज हैं जिन्होंने टेस्ट में हैट्रिक ली।


हसन ने अफगानिस्तान की पहली पारी में 55 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। अफगानिस्तान की टीम 240 रन पर ऑलआउट हुई, जबकि बांग्लादेश ने पहली पारी में 346 रन बनाए थे। इस तरह बांग्लादेश को 106 रन की बढ़त मिली।