ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट जल्द ही फूड डिलीवरी के कारोबार में उतर सकती है। कंपनी अपनी नई सर्विस ‘Eat-in by Minutes’ की टेस्टिंग कर रही है। इसके जरिए ग्राहक फ्लिपकार्ट ऐप से ही खाना ऑर्डर कर सकेंगे। इस कदम से कंपनी की सीधी टक्कर Zomato और Swiggy जैसी बड़ी फूड डिलीवरी कंपनियों से होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लिपकार्ट ने अपनी नई सर्विस की टेस्टिंग बेंगलुरु में शुरू की है। शुरुआत में कुछ कर्मचारियों के साथ इसका परीक्षण किया गया था, लेकिन अब इसमें 8,000 से ज्यादा कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। इस टेस्टिंग के जरिए कंपनी सर्विस की कार्यप्रणाली और ग्राहकों के अनुभव को समझने की कोशिश कर रही है।
नई सर्विस फ्लिपकार्ट के मौजूदा ऐप में एक अलग टैब के रूप में दिखाई दे सकती है। इससे यूजर्स को ऑनलाइन शॉपिंग, क्विक कॉमर्स और फूड डिलीवरी की सुविधा एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेगी। खाने की डिलीवरी के लिए कंपनी अपनी लॉजिस्टिक्स यूनिट Ekart के जरिए अलग डिलीवरी नेटवर्क तैयार कर रही है।
रेस्टोरेंट की उपलब्धता बढ़ाने के लिए फ्लिपकार्ट सरकारी समर्थित Open Network for Digital Commerce (ONDC) से जुड़े रेस्टोरेंट के साथ-साथ सीधे अपने प्लेटफॉर्म पर शामिल होने वाले रेस्टोरेंट के साथ भी काम कर रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी अक्टूबर के आखिर तक इस सर्विस को आम ग्राहकों के लिए शुरू कर सकती है। साल 2026 के अंत तक इसे पांच से छह शहरों में विस्तार देने की योजना भी बताई गई है। हालांकि, कंपनी ने अभी लॉन्च की तारीख और शहरों को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.