ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इस रिपोर्ट में भारत को 40.5 अंक मिले हैं। इसके साथ ही भारत जापान और रूस से आगे रहा है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में देशों की ताकत और प्रभाव का आकलन करने वाली इस रिपोर्ट में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है।
रिपोर्ट के अनुसार, जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। वहीं, पाकिस्तान 15 अंकों के साथ 16वें नंबर पर रहा। यह इंडेक्स देशों की आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, रक्षा सहयोग, कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक पहुंच जैसे मानकों पर तैयार किया जाता है।
भारत को कूटनीतिक प्रभाव के मामले में 70.3 अंक मिले हैं, जबकि भविष्य के संसाधनों की श्रेणी में 56.2 अंकों के साथ भारत तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि, आर्थिक क्षमता के मामले में भारत का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा और उसे इस श्रेणी में 26.4 अंक मिले।
लोवी इंस्टीट्यूट का यह इंडेक्स एशिया-प्रशांत क्षेत्र में देशों की व्यापक ताकत और उनके प्रभाव को समझने का एक महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। इसमें कुल 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन किया गया है। रिपोर्ट के आंकड़े क्षेत्र में बदलते शक्ति संतुलन और अलग-अलग देशों की रणनीतिक स्थिति को सामने रखते हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.