साउथ अफ्रीका में शनिवार रात और रविवार सुबह हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हुए हैं। ये हमले जोहान्सबर्ग और केप टाउन के नजदीकी इलाकों में हुए। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप में हुई। यहां आठ हथियारबंद हमलावरों ने एक बार में मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। हमले में 17 लोगों की मौत और 15 अन्य घायल हो गए। मृतकों में 13 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों के पास AK-47 राइफलें और पिस्तौल थीं। उन्होंने पहले बार के बाहर खड़े लोगों पर गोलियां चलाईं और फिर अंदर घुसकर फायरिंग की। कुछ लोगों के मोबाइल फोन छीनने के बाद आरोपी दो वाहनों में फरार हो गए।
दूसरी घटना रविवार तड़के केप टाउन के पास ल्वांडले इलाके में हुई। यहां एक दुकान और मनोरंजन स्थल पर हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हुए। पांच लोगों ने घटनास्थल पर और पांच ने बाद में दम तोड़ दिया।
इन घटनाओं से कुछ दिन पहले डरबन के पास एक पार्टी में हुई गोलीबारी में 11 लोगों की जान गई थी। लगातार हो रहे हमलों ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


