मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल के बीजेपी छोड़ने की खबरों से उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। हालांकि, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि पार्टी को अभी तक रामशरण नौटियाल का इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है।
रामशरण नौटियाल 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर चकराता सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्हें 27,417 वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रहे थे। इससे पहले वह देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
रामशरण नौटियाल इससे पहले कांग्रेस में भी रह चुके हैं। बीजेपी में रहते हुए उन्होंने 2023 में स्थानीय नेताओं को लेकर अपनी नाराजगी सार्वजनिक तौर पर जाहिर की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी नेताओं के साथ उनके मतभेद की चर्चा भी होती रही है।
उनके बीजेपी से अलग होने की खबरों के बीच कांग्रेस में वापसी की अटकलें भी तेज हैं। हालांकि, रामशरण नौटियाल की ओर से अभी तक कांग्रेस में शामिल होने या किसी अन्य पार्टी में जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में उनके अगले राजनीतिक कदम पर सबकी नजर बनी हुई है।


