देहरादून के बल्लीवाला इलाके में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर लाखों रुपये की लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर में काम करने वाले नौकर ने परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद पार्षद, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ गई और तीनों बेहोश हो गए। इसी दौरान आरोपी घर से नकदी और लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नौकर करीब 20-25 दिन पहले ही ऑनलाइन माध्यम से घरेलू काम के लिए रखा गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह नेपाल का रहने वाला है। आरोप है कि उसने परिवार का भरोसा हासिल करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथियों को भी घर में बुलाया था।
घटना के बाद परिवार के तीनों सदस्यों को देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपी वारदात के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। साथ ही जिस माध्यम से उसे काम पर रखा गया था, वहां से भी उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।


