बेंगलुरु में स्कूलों की एडमिशन प्रक्रिया को लेकर एक अभिभावक के Reddit पोस्ट ने नई बहस छेड़ दी है। अभिभावक ने दावा किया कि बानाशंकरी इलाके के कुछ स्कूलों में बच्चों के दाखिले के लिए मां का गृहिणी होना एक कथित ‘अलिखित चयन मानदंड’ है। पोस्ट के मुताबिक, कामकाजी मां होने पर बच्चे का आवेदन खारिज होने का खतरा बताया गया।
अभिभावक ने बताया कि उनकी ढाई साल की बेटी है और उन्होंने हाल ही में उसके लिए स्कूल तलाशना शुरू किया है। उन्होंने ऐसे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के कुछ अभिभावकों से बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि यह कथित प्रथा वहां ‘खुला रहस्य’ मानी जाती है। कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें सलाह दी कि बेटी के दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म में मां की नौकरी की स्थिति के बारे में गलत जानकारी दी जाए। हालांकि, अभिभावक ने ऐसा करने से असहमति जताई।
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि कुछ स्कूल हर साल छात्रों की मां की नौकरी की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हैं। इस कथित व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अभिभावक ने कहा कि अगर महिलाओं के काम करने को लेकर ऐसी सोच रखी जाती है, तो इससे स्कूलों द्वारा बच्चों को दिए जाने वाले मूल्यों पर भी सवाल उठता है।
Reddit पर कुछ यूजर्स ने अभिभावकों से ऐसी कथित प्रथाओं का विरोध करने और जरूरत पड़ने पर स्कूलों के नाम सार्वजनिक कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। हालांकि, Reddit पोस्ट में किए गए इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित स्कूलों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


