सपा ने उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन के साथ उनकी संपत्ति का ब्यौरा भी सामने आया है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक धनराज नथवानी के नाम कुल 77 करोड़ 74 लाख 87 हजार 216 रुपये की चल संपत्ति है। इसमें शेयर, बॉन्ड और म्यूचुअल फंड में करीब 55 करोड़ 75 लाख रुपये का निवेश शामिल है। उनके पास 10 करोड़ 62 लाख रुपये की एफडी भी है।
धनराज नथवानी के पास 27 करोड़ 67 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। इसमें करीब 1.51 करोड़ रुपये का फार्महाउस, 4.70 करोड़ रुपये का प्लॉट, 6.72 करोड़ रुपये की कमर्शियल प्रॉपर्टी और 14.73 करोड़ रुपये का मकान शामिल है। इस तरह उनकी घोषित चल और अचल संपत्ति 105 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है।
हलफनामे के मुताबिक धनराज नथवानी पर करीब 3 लाख 85 हजार रुपये की देनदारी है। इसके अलावा उनके पास करीब 1.62 करोड़ रुपये के जेवरात हैं। उनकी पत्नी के नाम भी बड़ी संपत्ति दर्ज है। पत्नी की चल संपत्ति करीब 211 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति करीब 53.59 करोड़ रुपये बताई गई है। उनके पास करीब 8.53 करोड़ रुपये के आभूषण भी हैं।
धनराज नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के निदेशक हैं। वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने 30 सितंबर 2026 को अखिलेश यादव की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।


