सिंगर अरिजीत सिंह के फैंस को 2027 में उन्हें लाइव सुनने का मौका मिलने वाला है। अरिजीत सिंह ने अपने इंडिया टूर का ऐलान किया है, जो जनवरी से मई 2027 के बीच आयोजित होगा। इस टूर के जरिए सिंगर अपने म्यूजिक करियर के 20 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे। उनके कॉन्सर्ट की टिकटों की कीमतें चर्चा में हैं, खासकर मुंबई में होने वाले शो के महंगे पैकेज को लेकर।
अरिजीत सिंह का मुंबई कॉन्सर्ट 20 फरवरी 2027 को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जाएगा। इस शो की सिल्वर टिकट की शुरुआती कीमत 3,999 रुपये बताई गई है, जबकि सबसे महंगे पैकेज की कीमत 11.80 लाख रुपये है। यह प्रीमियम पैकेज उन लोगों के लिए है, जो दोस्तों या परिवार के साथ खास सुविधाओं के बीच कॉन्सर्ट का आनंद लेना चाहते हैं।
सबसे महंगे पैकेज का नाम 'द रेजिडेंस टेबल' है। इसमें 15 लोग एक साथ बैठकर कॉन्सर्ट देख सकते हैं। पैकेज में टेबल पर बैठने की सुविधा, वेलकम ड्रिंक्स, अलग बॉटल सर्विस, खास खाना, अलग टॉयलेट, जल्दी एंट्री और एग्जिट की सुविधा तथा पार्किंग शामिल हैं। इसके साथ मेहमानों को खास गिफ्ट और लैमिनेटेड कार्ड के साथ लैनयार्ड भी दिया जाएगा।
टिकटों की अन्य कैटेगरी में गोल्ड टिकट की कीमत 7,499 रुपये बताई गई है। वहीं, प्लैटिनम राइट और लेफ्ट टिकट की कीमत 9,999 रुपये से 17,499 रुपये तक है। टिकट की कीमतें बुकिंग की कैटेगरी और उपलब्धता के आधार पर अलग हो सकती हैं।
अरिजीत सिंह का इंडिया टूर 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसके बाद चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु और नई दिल्ली समेत कई शहरों में कॉन्सर्ट आयोजित किए जाने की योजना है। लंबे समय बाद लाइव परफॉर्मेंस के लिए लौट रहे अरिजीत को सुनने के लिए उनके प्रशंसक उत्साहित हैं।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.