पंजाब के अमृतसर में जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी का मामला सामने आया है। ब्यास थाना क्षेत्र के गांव गाजीवाल में खेत जोत रहे दो लोगों पर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में हिस्ट्रीशीटर युद्धवीर उर्फ योद्धा, उसकी पत्नी जसकिरन कौर और 16 वर्षीय बेटे अभिनूर सिंह को गिरफ्तार किया है।

AdvertisementThe Puranic

पुलिस के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। मनजीत सिंह और दविंदर सिंह ट्रैक्टर से खेत में जमीन जोत रहे थे। इसी दौरान उनका रिश्तेदार युद्धवीर अपनी पत्नी और बेटे के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि बातचीत होने से पहले ही आरोपियों ने दोनों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

फायरिंग में मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, दविंदर सिंह को भी गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

अमृतसर देहाती के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि मुख्य आरोपी युद्धवीर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध हथियार और 26 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों की जांच में पीड़ित पक्ष का दावा सही पाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और गोलीबारी में शामिल सभी लोगों की भूमिका पता लगाने की कोशिश कर रही है।