बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी अपने बेबाक बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने बुर्के और हिजाब को लेकर अपनी राय रखी है। उषा काकड़े के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान शबाना ने कहा कि कुरान में कहीं नहीं लिखा है कि महिलाओं को बुर्का पहनना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि धार्मिक शिक्षाओं को लेकर कुछ लोग गलत जानकारी फैलाते हैं, जिससे समाज में भ्रम पैदा होता है।
शबाना आजमी ने कहा कि वह खुद बुर्का नहीं पहनती हैं, लेकिन किसी को भी यह अधिकार नहीं है कि वह किसी महिला को अपनी पसंद के कपड़े पहनने से रोके। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि अगर कोई उनसे कहेगा कि वह बुर्का नहीं पहन सकतीं, तो वह तीन बुर्के पहन लेंगी। उनके मुताबिक, पहनावे का फैसला महिलाओं की अपनी पसंद होना चाहिए।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि धर्म की सही समझ होना जरूरी है। कुछ लोग धार्मिक बातों की गलत व्याख्या करके उन्हें अपने तरीके से पेश करते हैं। इससे लोगों के बीच गलतफहमियां बढ़ती हैं।
शबाना आजमी का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब देश में हिजाब और बुर्के को लेकर पहले भी कई बार बहस हो चुकी है। साल 2022 में कर्नाटक के हिजाब विवाद के दौरान भी उन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी। अब उनके ताजा बयान ने एक बार फिर इस मुद्दे पर चर्चा शुरू कर दी है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.