मिस यूनिवर्स 2026 में मिस इजरायल डेनियल याब्लोंका की नेशनल कॉस्ट्यूम को लेकर विवाद छिड़ गया है। डेनियल प्रतियोगिता में 'पीस' यानी शांति की थीम पर आधारित ड्रेस पहनकर पहुंचीं। उनके आउटफिट में जेरूसलम के पुराने शहर, जैतून के पेड़ और मशहूर जाफा संतरे की तस्वीरें दिखाई गई थीं। ड्रेस के केप पर हिब्रू, अरबी और अंग्रेजी भाषा में शांति का संदेश भी लिखा था।

AdvertisementThe Puranic

इस ड्रेस को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे शांति और एकता का संदेश बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसके डिजाइन में इस्तेमाल किए गए प्रतीकों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जेरूसलम, जैतून के पेड़ और जाफा संतरे फिलिस्तीनी सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़े हुए हैं। ऐसे में इस तरह के प्रतीकों को लेकर सांस्कृतिक पहचान और प्रतिनिधित्व की बहस शुरू हो गई।

डेनियल की इस ड्रेस को डिजाइनर जैकब मेयर ने तैयार किया था। डिजाइनर के मुताबिक, तीन भाषाओं में शांति का संदेश देने का मकसद अलग-अलग समुदायों के बीच एकता को दिखाना था। वहीं, डेनियल ने भी अपने आउटफिट का बचाव करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य अपनी सांस्कृतिक विरासत को दिखाना और शांति की उम्मीद जताना था।

गाजा में जारी संघर्ष के बीच इस ड्रेस को लेकर विवाद और चर्चा बढ़ गई। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा, तो कुछ ने इसे फैशन के जरिए शांति की अपील बताया। इस तरह मिस यूनिवर्स 2026 की यह नेशनल कॉस्ट्यूम प्रतियोगिता के फैशन से आगे बढ़कर सांस्कृतिक पहचान और विरासत की बहस का हिस्सा बन गई।