समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच ललितपुर सदर सीट से ज्योति सिंह लोधी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने करीब 10 साल बाद एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। सपा की ओर से जारी शुरुआती उम्मीदवारों की सूची में ज्योति सिंह लोधी का नाम भी शामिल है। वह इस सूची में एकमात्र महिला प्रत्याशी हैं।
ज्योति सिंह लोधी लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़ी हुई हैं। वह साल 2003 से पार्टी में सक्रिय हैं। अपने राजनीतिक सफर के दौरान वह दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ललितपुर जिला पंचायत अध्यक्ष और सपा की जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली है। स्थानीय राजनीति में उनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है।
इससे पहले ज्योति सिंह लोधी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में ललितपुर सदर सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उन्हें 88,687 वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रही थीं। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने इस सीट से रमेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें तीसरे स्थान पर रहना पड़ा था।
ललितपुर सदर सीट पर जातीय समीकरण भी काफी अहम माने जाते हैं। यहां लोधी और कुशवाहा समुदाय के मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में ज्योति सिंह लोधी को टिकट देकर सपा पिछड़े वर्ग के मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी का यह फैसला उसके PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव में ज्योति सिंह लोधी के सामने ललितपुर सीट पर सपा का प्रदर्शन बेहतर करने की चुनौती होगी।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.