भारतीय रेलवे ने ग्रुप और बल्क टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के लिए ट्रेन टिकट बुक कराना आसान होगा। दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) ने ग्रुप रिजर्वेशन में बुक होने वाली सीटों और बर्थ की अधिकतम सीमा हटा दी है। इस फैसले से शादी-ब्याह, धार्मिक यात्राओं, स्कूल-कॉलेज टूर और अन्य सामूहिक यात्राओं की योजना बनाने वाले लोगों को राहत मिल सकती है।

AdvertisementThe Puranic

 

नए नियमों के मुताबिक, ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) को मंजूरी देने का अधिकार दिया गया है। अब यात्री अपनी जरूरत के अनुसार बड़ी संख्या में टिकट के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, बुकिंग की मंजूरी संबंधित अधिकारियों की जांच और उपलब्ध सीटों पर निर्भर करेगी।

 

ग्रुप टिकट के लिए आवेदन करते समय सभी यात्रियों का नाम, उम्र, जेंडर, पता और यात्रा का उद्देश्य बताना जरूरी होगा। अधूरी जानकारी वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। रेलवे के प्रमुख रिजर्वेशन सेंटर पर सुबह 9 बजे से आवेदन जमा किए जा सकेंगे। सामान्य तौर पर ट्रैवल एजेंट के जरिए भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।

 

वापसी यात्रा के लिए भी ग्रुप टिकट बुकिंग की सुविधा रहेगी, लेकिन इसके लिए अलग आवेदन करना होगा। फिलहाल ये नए दिशा-निर्देश दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन में लागू किए गए हैं। यात्रियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले संबंधित रेलवे स्टेशन से नियमों और प्रक्रिया की जानकारी जरूर ले लें।