भारत और अमेरिका की जांच एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। इस अभियान को 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' नाम दिया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए भारत से अमेरिका तक प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई की जा रही थी। शुरुआती जांच में करीब 5 लाख टैबलेट और 59 हजार से अधिक ग्राहकों से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

AdvertisementThe Puranic

 

जांच के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क ने जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच अमेरिका में करीब 3 हजार पार्सल भेजे थे। इन पार्सल में लगभग 5 लाख टैबलेट शामिल थीं। मामले की जांच भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने मिलकर की। भारत में 4 से 13 नवंबर के बीच दिल्ली, लखनऊ, हैदराबाद और कोलकाता में छापेमारी की गई, जिसमें छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

 

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवाओं के माध्यम से दवाएं अमेरिका भेजी जाती थीं। भुगतान के लिए डिजिटल पेमेंट, UPI और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था।

 

इस मामले में भारतीय एजेंसियों ने 59 हजार से अधिक ग्राहकों से जुड़ा डेटा अमेरिकी एजेंसी के साथ साझा किया है। अब दोनों देशों की जांच एजेंसियां नेटवर्क के अन्य सदस्यों, पैसों के लेन-देन और दवाओं की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।