नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। सोमवार, 23 नवंबर को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के विकास और पुनर्निर्माण के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज का ऐलान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध सिर्फ पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्ते हैं। भगवान राम और माता सीता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे हैं। उन्होंने दोनों देशों की साझा विरासत और धार्मिक संबंधों को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस यात्रा के दौरान अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई। इससे दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन और यात्रियों की आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नियमित ट्रेन सेवा 28 नवंबर से शुरू होने वाली है।
बैठक के दौरान भारत और नेपाल ने स्वास्थ्य, शिक्षा, अंतरिक्ष तकनीक, आयुर्वेद, पुलिस सहयोग और शहरी विकास समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा दोनों देशों ने व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर भी चर्चा की।
पीएम मोदी ने बालेन शाह के नेतृत्व की सराहना की, जबकि नेपाली प्रधानमंत्री ने भारत के सहयोग के लिए आभार जताया। इस मुलाकात को दोनों देशों के राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों के लिहाज से अहम माना ज रहा है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.