पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) का गठबंधन काफी पुराना रहा है। दोनों पार्टियों ने मिलकर पांच विधानसभा चुनाव लड़े और तीन बार राज्य में सरकार बनाई। इस गठबंधन की शुरुआत 1996 में हुई थी। इसके बाद 1997 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ा और बड़ी जीत हासिल की। उस समय अकाली दल ने 94, जबकि BJP ने 23 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने।

AdvertisementThe Puranic

इसके बाद 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनावों में भी दोनों पार्टियां गठबंधन के तहत मैदान में उतरीं। हालांकि, 2002 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2007 और 2012 में गठबंधन ने लगातार दो बार सरकार बनाई। 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की और BJP-अकाली गठबंधन सत्ता से बाहर हो गया।

दोनों दलों के रिश्तों में बड़ा बदलाव सितंबर 2020 में आया, जब केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ने शुरू कर दिए। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में BJP और अकाली दल को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।

अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के दोबारा साथ आने की चर्चा तेज हो गई है। इस बार सीट बंटवारे का पुराना फॉर्मूला बदलने की संभावना है। BJP अपनी पिछली हिस्सेदारी से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में दोनों पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा और गठबंधन की शर्तें आने वाले चुनाव में पंजाब की राजनीति का अहम मुद्दा बन सकती हैं।