भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट गोल्ड मेडल मुकाबले में स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में मंधाना ने सिर्फ 45 गेंदों पर 79 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।


मंधाना ने महज 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर की 37वीं फिफ्टी रही। इस पारी के दौरान उन्होंने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,000 रन भी पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं।


मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ भारत को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। शेफाली ने 29 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इस साझेदारी के दौरान मंधाना और शेफाली ने टी20 इंटरनेशनल में बतौर जोड़ी 4,000 रन भी पूरे किए। किसी भी विकेट के लिए महिला टी20 इंटरनेशनल में यह सबसे ज्यादा साझेदारी रन हैं।


मंधाना 17वें ओवर में 79 रन बनाकर आउट हुईं। उनके आउट होने के बाद रिचा घोष ने तेजी से रन बनाए और भारत को 216/3 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।