प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने फिल्म 'हनुमान अंश' के चर्चित पार्वती भजन की प्रस्तुति ने खास माहौल बना दिया। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गायक साधु तिवारी ने अपनी आवाज से समां बांधा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भी संगीत का आनंद लेते हुए खंजरी बजाते नजर आए।
फिल्म 'हनुमान अंश' का पार्वती भजन सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है। इसे साधु तिवारी ने लिखा, गाया और संगीतबद्ध किया है। यह बुंदेली भजन भगवान शिव और माता पार्वती की पौराणिक कथा पर आधारित है।
भजन में माता पार्वती के भगवान शिव से विवाह करने के संकल्प और उनकी तपस्या का वर्णन किया गया है। इसमें सप्तऋषियों द्वारा पार्वती को अपना निर्णय बदलने के लिए समझाने की कथा भी शामिल है।
फिल्म की सफलता के बाद इसकी टीम लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी फिल्म के कलाकारों और निर्माताओं से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी थी। इस मुलाकात में निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, अभिनेता शोभिनव सत्य और साधु तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी प्रस्तुति दी और हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।


