बिग बॉस 20 में रीति तिवारी अपने विवादित व्यवहार और गाली-गलौज के कारण चर्चा में हैं। इसी बीच खबरें सामने आ रही हैं कि उनके पिता मनोज तिवारी आगामी वीकेंड का वार एपिसोड में नजर आ सकते हैं। हालांकि, शो में उनकी एंट्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रीति तिवारी की उदिति सिंह और काजी तौकीर के साथ तीखी बहस ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। एक टास्क के दौरान उनकी आपत्तिजनक भाषा को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है। इससे पहले काजी तौकीर के साथ हुई बहस में भी रीति के व्यवहार पर सवाल उठे थे। उन्होंने अपनी एक टिप्पणी के लिए माफी भी मांगी थी।
इंडिया फोरम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मनोज तिवारी इस सप्ताह वीकेंड का वार में शामिल हो सकते हैं। ऐसी चर्चा है कि शो के होस्ट सलमान खान भी रीति से उनके व्यवहार और विवादित टिप्पणियों को लेकर सवाल कर सकते हैं।
हाल ही में पैपराजी ने मनोज तिवारी से पूछा था कि क्या वह बिग बॉस में अपनी बेटी को देखते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह शो डर-डरकर देखते हैं। उन्होंने बेटी के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं।
सोशल मीडिया पर दर्शक इस मामले की तुलना पिछले सीजन में अमाल मलिक से जुड़े विवाद से कर रहे हैं। उस दौरान उनके पिता डब्बू मलिक शो में पहुंचे थे। अब दर्शकों की नजर आगामी एपिसोड पर है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मनोज तिवारी वास्तव में शो में आएंगे या नहीं।


