एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला तय हो गया है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया 28 सितंबर को अफगानिस्तान से भिड़ेगी। जापान के निशिन में होने वाले इस मुकाबले की विजेता टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएगी।

AdvertisementThe Puranic

भारत के प्रतिद्वंद्वी का फैसला शनिवार को नेपाल और मेजबान जापान के बीच खेले गए मुकाबले के बाद हुआ। बारिश के कारण यह मैच रद्द करना पड़ा। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में चार विकेट पर 149 रन बनाए थे। हालांकि, लगातार बारिश के चलते जापान की पारी शुरू नहीं हो सकी।

नेपाल की ओर से संदीप जोरा ने 32 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। लोकेश बाम ने महज 22 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोके। उनकी पारी में छह छक्के और एक चौका शामिल था। दोनों बल्लेबाजों ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाए।

मैच रद्द होने के बाद नेपाल ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर रहा, जबकि अफगानिस्तान दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया। मेजबान जापान का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।

भारतीय टीम को प्रतियोगिता में सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। भारत के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को भी नॉकआउट चरण में सीधे जगह दी गई है। अब भारतीय टीम की नजर अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले पर होगी। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। जीत हासिल करने वाली टीम पदक की दौड़ में आगे बढ़ेगी।