रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शांति वार्ता और जवाबी कार्रवाई पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त करने के सभी प्रस्ताव अभी खुले हैं, लेकिन रूस अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर ही अगला कदम उठाएगा। साथ ही उन्होंने यूक्रेन को जवाबी हमलों की चेतावनी दी।

AdvertisementThe Puranic

शुक्रवार को सेंट पीटर्सबर्ग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुतिन ने दावा किया कि रूस पिछले सप्ताह हुए संसदीय चुनावों के बाद यूक्रेन के साथ बातचीत दोबारा शुरू करने के लिए तैयार था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने मॉस्को और रूसी मतदान केंद्रों पर हमले किए।

पुतिन ने कहा कि यूक्रेन को रूस की जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उनके मुताबिक, उकसावे वाली गतिविधियों से बातचीत में मनचाहा परिणाम हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि रूसी हमलों के कारण ही यूक्रेन दोबारा युद्धविराम और बातचीत की मांग कर रहा है।

दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पहले भी युद्ध समाप्त करने के लिए सीधी बातचीत की मांग कर चुके हैं। यूक्रेन का कहना है कि रूसी ठिकानों पर उसके हमले यूक्रेनी शहरों और बुनियादी ढांचे पर हो रही रूसी कार्रवाई का जवाब हैं।

इस बीच दोनों देशों के बीच मिसाइल और ड्रोन हमले लगातार जारी हैं। रूस यूक्रेनी शहरों को निशाना बना रहा है, जबकि यूक्रेन रूसी सैन्य और ऊर्जा ठिकानों पर हमले कर रहा है। ऐसे में शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।