झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां स्थित बासोडीह राज्य संपोषित 10+2 उच्च विद्यालय में पढ़ाई और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक करीब 2540 विद्यार्थी नामांकित हैं, जबकि उपलब्ध शिक्षकों की संख्या 10 बताई गई है। छात्रों का आरोप है कि शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

AdvertisementThe Puranic


जानकारी के मुताबिक, स्कूल में शिक्षकों के 22 पद स्वीकृत हैं और 18 शिक्षक पदस्थापित थे। इनमें से 8 शिक्षकों को दूसरे स्कूलों में प्रतिनियुक्त किए जाने के बाद स्कूल में शिक्षकों की संख्या कम हो गई। छात्रों के अनुसार, 9वीं और 10वीं में अंग्रेजी, इतिहास, संस्कृत, बायोलॉजी और इकोनॉमिक्स जैसे विषयों के शिक्षक नहीं हैं। वहीं 11वीं और 12वीं में मैथ्स, केमिस्ट्री, इतिहास, हिंदी और संस्कृत के शिक्षक नहीं होने की शिकायत है।


छात्रों ने स्कूल में बैठने की व्यवस्था और भवन की हालत पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि कई बार एक बेंच पर 8-8 छात्रों को बैठना पड़ता है। बारिश के दौरान कक्षाओं में पानी टपकने और शौचालयों पर ताले लगे होने की शिकायत भी सामने आई है।


इन समस्याओं के विरोध में छात्रों ने स्कूल से सतगावां प्रखंड मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला और धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “एक सुट्टा दो चाय, ऐसे प्रतिनिधि हाय-हाय” और “टीचर दो, पढ़ाई दो” जैसे नारे लगाए। छात्रों ने प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की है।